मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में एचआईवी/एड्स से बचाव की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई/कफोटा (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय कफोटा में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता प्रकोष्ठ और रेड रिबन क्लब (आरआरसी) के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. विक्रम सिंह राजपूत के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन के उपाय बताते हुए और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कफोटा की मुख्य वक्ता प्रियंका पुंडीर ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखने, तनाव से निपटने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के उपाय बताए। रेड रिबन क्लब के तहत एचआईवी/एड्स पर भी व्याख्यान दिया गया। इसमें विद्यार्थियों को संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों की जानकारी दी गई। साथ ही, एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और गलत धारणाओं को दूर करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. विपिन सिंह और प्रो. रवीना ने सहभागिता की। समापन पर कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. विक्रम सिंह राजपूत ने मुख्य वक्ता प्रियंका पुंडीर और अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।