किसानों को खेत में मिल रहा था 250 रुपये रेट, अब 80 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंचा
भजन चौधरी
धौलाकुआं (सिरमौर)। जिला के मैदानी क्षेत्र पांवटा साहिब में इस बार स्ट्राबेरी का उत्पादन बढ़ा है। उत्पादन बढ़ने के साथ ही दाम में गिरावट भी शुरू हो गई है। हालांकि सीजन की शुरुआत में स्ट्राबेरी को अच्छे दाम मिले थे। अब कीमतों में कमी आने से किसानों की चिंता बढ़ने लगी है।
बताया जा रहा है कि इस वर्ष पांवटा क्षेत्र में स्ट्राबेरी का उत्पादन बड़े पैमाने पर किया गया है। क्षेत्र के कई इलाकों में लगभग 600 किसान स्ट्राबेरी की खेती कर रहे हैं। इन दिनों किसान दिन-रात खेतों में स्ट्राबेरी की देखभाल में जुटे हैं। उधर, इस बार मौसम भी स्ट्राबेरी के लिए अनुकूल बना हुआ है। लगातार शुष्क मौसम के कारण इस बार स्ट्राबेरी का आकार बड़ा देखने को मिल रहा है और इसमें अधिक मिठास भी बताई जा रही है।
क्षेत्र में बेहतर पैदावार के कारण बाहरी राज्यों में इसकी मांग भी बढ़ी है। अन्य राज्यों से व्यापारी यहां आकर फसल की खरीद कर रहे हैं। किसान धर्मपाल, राकेश कुमार, राम लाल और गुरमीत सिंह ने बताया कि क्षेत्र के अलावा उत्तराखंड में भी इस बार स्ट्राबेरी की पैदावार अधिक हुई है। उत्पादन बढ़ने के कारण बाजार में दाम में गिरावट आई है। जिन किसानों की फसल पहले तैयार हो गई थी, उन्हें शुरुआत में बेहतर दाम मिले, लेकिन अब कीमतों में लगातार कमी आ रही है।
किसानों के अनुसार सीजन की शुरुआत में स्ट्राबेरी 250 से 300 रुपये प्रति किलोग्राम तक खेतों से खरीदी जा रही थी। जैसे-जैसे उत्पादन बढ़ा, वैसे-वैसे इसके दाम भी गिरने लगे। वर्तमान में खेतों से स्ट्राबेरी की कीमत करीब 80 रुपये प्रति किलोग्राम तक रह गई है।
किसानों ने बताया कि पांवटा क्षेत्र में 1990 के दशक में स्ट्राबेरी की खेती शुरू हुई थी। यह फसल किसानों के लिए अच्छी नकदी आय का स्रोत बन गई है। देखा-देखी हर वर्ष इसकी पैदावार में वृद्धि हो रही है। इन दिनों क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 20 से 25 क्विंटल स्ट्राबेरी की तुड़ाई हो रही है। इसकी बाहरी राज्यों से आए व्यापारी खरीद कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि उत्पादन अधिक होने पर दाम कम हो जाते हैं। ऐसे में सरकार को चाहिए कि यहां एचपीएमसी के माध्यम से प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जाए, ताकि बेहतर दाम मिल सके।