(ग्राउंड रिपोर्ट)
188 स्वीकृत पदों में से करीब 85 खाली, स्टाफ नर्सों के 31 और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 30 पद रिक्त
तीन साल से बंद एसएनसीयू, एमडी मेडिसिन और मनोचिकित्सक के पद भी खाली
रोजाना 500 से 750 मरीजों की ओपीडी, कर्मचारियों पर बढ़ा काम का बोझ
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। दो विधानसभा क्षेत्रों सहित सिरमौर की कई पंचायतों के दो लाख से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाला 150 बिस्तरों का सिविल अस्पताल पांवटा साहिब खुद स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। अस्पताल में चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों के कुल 188 स्वीकृत पदों में से करीब 85 खाली हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के साथ नर्सिंग और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद रिक्त होने से मरीजों की देखभाल और वार्डों का संचालन प्रभावित हो रहा है। समय रहते रिक्तियां नहीं भरी गईं तो स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और बिगड़ सकती है।
स्थानीय निवासी एसएस गुप्ता, भरत राणा, रामलाल शर्मा और प्रदीप शर्मा ने बताया कि अस्पताल को 3 मार्च 2009 को 100 बिस्तरों का दर्जा मिला था। तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव बिंदल और स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी ने इसका शिलान्यास किया था। करीब पांच वर्ष पहले अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 150 बिस्तर कर दी गई और इसके साथ 72 नए पद भी सृजित किए गए। लोगों को उम्मीद थी कि इससे पांवटा और शिलाई के अलावा नाहन और श्री रेणुकाजी क्षेत्र की कई पंचायतों को बेहतर उपचार मिलेगा, लेकिन पर्याप्त स्टाफ की तैनाती नहीं हो पाई।
शिलाई और आंजभोज क्षेत्र के निवासी अतर सिंह, मुंशी राम पुंडीर, रण सिंह चौहान, आशा तोमर और रणजीत पुंडीर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के बाद पांवटा अस्पताल में सबसे अधिक ओपीडी रहती है। यहां प्रतिदिन 500 से 750 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद एमडी मेडिसिन और मनोचिकित्सक जैसे विशेषज्ञों के पद खाली हैं। तीन वर्ष पहले तत्कालीन शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमिताभ जैन के सीएमओ पद पर पदोन्नत होने के बाद विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) बंद हो गई थी। अब शिशु रोग विशेषज्ञ का पद भर चुका है, लेकिन पुराने भवन की मरम्मत के चलते एसएनसीयू सुविधा दोबारा शुरू नहीं हो सकी है।
समाजसेवी नाथू राम चौहान, तीमारदार कमलेश शर्मा, अनिल कुमार और नीतू ने बताया कि नर्सिंग स्टाफ की कमी से अस्पताल की व्यवस्था पर सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। एसएनसीयू में चार, कॉन्ट्रैक्ट स्टाफ नर्सों के 21, एनएचएम आउटसोर्स स्टाफ नर्सों के पांच और सहायक स्टाफ नर्सों के दो पद रिक्त हैं। इसके चलते तैनात नर्सों को दो से तीन शिफ्टों में काम करना पड़ रहा है। पर्याप्त कर्मचारी नहीं होने से उन्हें अवकाश लेने में भी परेशानी होती है। लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से सभी रिक्त पद जल्द भरने की मांग की है।
बॉक्स-
रिक्त पदों से कार्य प्रभावित : डॉ. सुधी गुप्ता
सिविल अस्पताल की प्रभारी डॉ. सुधी गुप्ता ने बताया कि करीब 85 पद खाली होने से अस्पताल के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। विशेषकर स्टाफ नर्सों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी से व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत करवा दिया गया है।
-
बॉक्स
विधानसभा सत्र में उठाएंगे मामला : सुखराम चौधरी
विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि अस्पताल में स्टाफ की कमी का मुद्दा पहले भी उठाया जाता रहा है। आगामी विधानसभा सत्र में लाखों लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े इस विषय को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।संवाद