सचित्र(फोटो आवश्यक लगाएं)
प्री प्राइमरी से 12वीं कक्षा तक के विशेष आवश्यकता वाले बच्चे ले सकेंगे भाग
चार ब्लॉक के बच्चों के लिए एक स्थान निर्धारित, चार शिविरों का होगा आयोजन
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। जिला परियोजना अधिकारी कार्यालय (समग्र शिक्षा) की ओर से सिरमौर जिले में 10 से 13 नवंबर तक विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए चिकित्सा मूल्यांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्री प्राइमरी से 12वीं कक्षा तक के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए यह शिविर भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) चनालोन, पंजाब के सहयोग से आयोजित किए जा रहे हैं।
इसका मकसद विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को कृत्रिम अंग व जरूरी सामान उपलब्ध करवाना है। इसके लिए जिला परियोजना अधिकारी कार्यालय की ओर से प्रत्येक शिक्षा खंड के लिए 10 हजार रुपये की राशि भी निर्धारित की गई है। चिकित्सा मूल्यांकन शिविर में पहुंचने के लिए विशेष बच्चों को परेशानी न हो इसके लिए जिले के 16 शिक्षा खंडों को चार-चार शिक्षा खंडों में क्लब किया गया है, यानी चार शिक्षा खंडों के बच्चों के लिए एक ही निर्धारित जगह पर यह शिविर आयोजित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार सुरला, नाहन, सराहां व ददाहू खंड के बच्चों के लिए नाहन में 10 नवंबर को चिकित्सा मूल्यांकन शिविर आयोजित किया जाएगा।
इसी तरह माजरा, पांवटा साहिब, खोरोंवाला के लिए 11 नवंबर को पांवटा साहिब में और सतौन, कफोटा, बकरास व शिलाई खंड के बच्चों के लिए 12 नवंबर को शिलाई में यह शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा राजगढ़, नौहराधार, नारग व संगड़ाह खंड के लिए राजगढ़ में 13 नवंबर को यह शिविर लगेगा। इन शिविरों के लिए सभी बीपीओ, बीईईओ को स्वास्थ्य विभाग से भी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला परियोजना अधिकारी रीटा गुप्ता ने बताया कि इन चिकित्सा मूल्यांकन शिविरों में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की ओर से डॉक्टरों की टीम विशेष बच्चों की जांच करेगी। इसके अलावा समग्र शिक्षा की ओर से भोजन, आवास समेत अन्य खर्चों को वहन किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक शिक्षा खंड के लिए 10 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने विशेष बच्चों के अभिभावक सहायता एवं उपकरण प्राप्त करने के लिए छात्रों के विकलांगता प्रमाण पत्र (यूडीआईडी कार्ड) की फोटोकॉपी, एडहेयर कार्ड की फोटोकॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आय प्रमाण पत्र / राशन कार्ड / बीपीएल / आईआरडीपी प्रमाण पत्र अवश्य साथ लाएं।
संवाद