संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। आरटीओ नाहन सोना चंदेल को रोटरी क्लब ऑफ नाहन संगिनी के अध्यक्ष के रूप में किए शानदार कार्यों के चलते रुड़की में आयोजित रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 हम अवार्ड 2025-26 के सालाना समारोह में पुरस्कृत किया गया। यही नहीं, इनके एक प्रोजेक्ट को भी पूरे जोनल स्तर पर अवार्ड हासिल हुआ है।
इस समारोह में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में फैले 120 रोटरी क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। जोन 22 में शामिल रोटरी क्लब ऑफ नाहन संगिनी की सोना चंदेल को अध्यक्ष के रूप में दी गई उनकी बेहतरीन सेवाओं और जनहित में किए कार्यों के चलते स्टार प्रेसिडेंट सम्मान से सम्मानित किया गया। यही नहीं, अध्यक्ष पद पर कार्य करते हुए इनके द्वारा बंकुवाला नाहन में किए प्रोजेक्ट को सर्वश्रेष्ठ जोनल प्रोजेक्ट का अवार्ड भी प्रदान किया गया।
विज्ञापन
इस प्रोजेक्ट के तहत सोना चंदेल ने लंबे समय से खस्ताहाल पड़े बंकुवाला जाने वाले मार्ग की अपने स्तर पर मरम्मत की और लोगों की सुविधा के लिए बेंच भी लगवाए। खड़ी चढ़ाई वाले इस मार्ग पर अर्थी लाते समय और वापस लौटते समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सोना चंदेल ने लोगों की तकलीफ को देखते हुए इसे अपने क्लब के प्रोजेक्ट में शामिल किया और इस खस्ताहाल मार्ग की मरम्मत करवाई। इसके अलावा बुजुर्गों व महिलाओं के बैठने के लिए बेंच भी लगवाए। इनके इस कार्य की सभी सामाजिक संगठनों ने प्रशंसा की थी।
आरटीओ एवं रोटरी क्लब ऑफ नाहन संगिनी की पूर्व अध्यक्ष सोना चंदेल ने इन पुरस्कारों पर खुशी जाहिर करते हुए समाज और लोगों की बेहतरी के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।-