स्पॉट खबर सचित्र
अवकाश वाले दिन भी सैनवाला और कन्या स्कूल नाहन में बजी घंटी
श्री गुरु नानक देव जयंती पर खुले स्कूल और विद्यार्थियों ने लगाई कक्षाएं
पढ़ाई के नुकसान की भरपाई के लिए स्कूल प्रशासन पे उठाया कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। श्री गुरु नानक देव जी की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश वाले दिन भी जिले के कई स्कूलों में घंटी बजी। विद्यार्थी और स्कूल स्टाफ रोज की तरह निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचा और कक्षाएं संचालित कीं।
दरअसल, इस वर्ष मानसून के मौसम में भारी बारिश, बाढ़ के कारण कई स्कूलों को बंद करना पड़ा था। इससे बच्चों की पढ़ाई को भारी क्षति पहुंची। इसकी पूर्ति के लिए शिक्षा विभाग के निदेशालय ने प्रभावित स्कूलों को केवल उस अवधि के लिए ही अतिरिक्त कक्षाएं लगाने या अवकाश वाले दिन स्कूल खोलने के आदेश दिए हैं।
इन आदेशों की पालना में जिले के कई स्कूलों में शाम तीन से चार बजे तक अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाने लगी हैं। कई स्कूल आधा घंटा सुबह तो आधा घंटा देरी तक कक्षाएं लगा रहे हैं।
इसी के चलते राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैनवाला समेत कई स्कूलों में श्री गुरु नानक देव जी की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश वाले दिन भी कक्षाओं का संचालन किया गया। यह स्कूल हर रोज की भांति सुबह तय समय पर खुले, परेड, कक्षाओं का संचालन और दोपहर को रिसेस सबकुछ रोज की भांति संचालित हुआ।
बता दें कि इससे पूर्व राजकीय उच्च विद्यालय कैंट, पच्छाद क्षेत्र की माध्यमिक पाठशाला लाना चब्यूल, उच्च पाठशाला ढाकवाला, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोगीनंद समेत कई स्कूल दूसरे शनिवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश वाले दिन खोले जा चुके हैं।
कन्या स्कूल नाहन की प्रधानाचार्य डाॅ. आशिमा राघव ने कहा कि स्कूल प्रशासन और स्कूल प्रबंधन समिति ने पढ़ाई के नुकसान की भरपाई के लिए चार सार्वजनिक अवकाश वाले दिन स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। सैनवाला स्कूल के प्रधानाचार्य अयूब खान ने बताया कि सोमवार को 172 बच्चों ने स्कूल पहुंचकर पढ़ाई की।
संवाद