सीसीटीवी में कैद हुए कालाअंब में महिला से पर्स छीनकर फरार बाइक सवार। स्रोत: वीडियो ग्रैब
मोबाइल, 4 हजार नकदी और चांदी के आभूषण ले उड़े शातिर
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच करने में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में दिनदहाड़े पर्स स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। कालाअंब-नाहन-पांवटा साहिब एनएच-07 पर सरकारी स्कूल के पास तीन युवकों ने एक महिला का पर्स छीना और फरार हो गए। जानकारी के अनुसार तीनों बिना नंबर की बाइक पर सवार थे, जबकि महिला अपने बच्चे के साथ पैदल जा रही थी।
पीड़िता दुर्गा देवी पत्नी नरेंद्र कुमार निवासी तिलाउठु, जिला रोहतास (बिहार) मैनथापल में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहती है। वह किसी कार्य से मैनथापल से कालाअंब की ओर पैदल जा रही थी। जब वह कालाअंब-नाहन-पांवटा साहिब एनएच-07 पर सरकारी स्कूल के समीप एक होटल के सामने से गुजर रही थी, तो पीछे से बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन युवक आए और झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया। दुर्गा देवी ने बताया कि उसने शोर मचाते हुए आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन गिर गई और चोट भी लगी। आसपास मौजूद लोगों ने भी बाइक और स्कूटी से बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे कालाअंब की ओर भाग निकले। महिला ने बताया कि उसके पर्स में मोबाइल फोन, 4 हजार रुपये नकदी और चांदी के कुछ आभूषण थे। यह वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों के चेहरे दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर पहचान प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। एसपी एनएस नेगी ने पुष्टि की है।