-टोका नगला स्कूल में 20 सदस्यीय समिति का गठन
-विद्यालय विकास, गुणवत्ता पर काम करने का लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोका नगला में सोमवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया। बैठक में अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य जोगीराम कन्याल ने की।
इस अवसर पर राजेंद्र सिंह को अध्यक्ष और राजेश कुमार को उपाध्यक्ष बनाया गया। उर्मिला देवी, काफिया, राधा देवी, कविता, शाहनाज, सोनू, सोमी, समीना, तोहिदा बेगम, गीता देवी, उषा देवी, चमनलाल और प्रोमिला को सदस्य चुना गया। प्रधानाचार्य जोगीराम कन्याल समिति के सचिव होंगे।
समिति में शिक्षा के अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप 50 प्रतिशत महिला सदस्यों को शामिल किया गया। साथ ही विद्यालय के समग्र विकास और शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न उपसमितियों का भी गठन किया गया। इस दौरान विद्यालय भवन के रखरखाव, शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सुविधाओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा बिल्डिंग सब कमेटी और एकेडमिक सब कमेटी का भी गठन किया गया, ताकि विद्यालय के विभिन्न कार्यों का प्रभावी ढंग से संचालन किया जा सके।
इस अवसर पर कुंडियो पंचायत के उपप्रधान तारीफ अली, पूर्व एसएमसी अध्यक्ष संतोष देवी, निसार अली, शराफत अली व सोनिया बेगम मौजूद रही।