बजट से निराश जिले के एसएमसी शिक्षकों ने जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। बजट में नियमित न करने की दिशा में कदम न उठाने के विरोध में एसएमसी शिक्षक सोमवार को एक बार फिर पेन डाउन स्ट्राइक पर उतर आए हैं। इसके चलते जिलेभर के 90 प्रतिशत एसएमसी शिक्षकों ने कक्षाओं का बहिष्कार किया।
इसके अलावा कई शिक्षक शिमला में होने वाले धरना प्रदर्शन में भाग लेने के लिए रवाना हो चुके हैं। इससे स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ दूसरे कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। बता दें कि प्रदेशभर में करीब 2500 एसएमसी शिक्षक दुर्गम क्षेत्र के स्कूलों में 10 से 12 सालों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ये शिक्षक लंबे समय से रेगुलर किए जाने की मांग कर रहे हैं लेकिन इस दिशा में आज तक कोई सरकार नीति नहीं बना पाई।
एसएमसी शिक्षक संघ के जिला प्रधान कुलदीप ठाकुर ने बताया कि सरकार ने नियमित करने के आश्वास कई बार दिए लेकिन इस बार बजट में उन्हें निराशा हाथ लगी है। इसके विरोध में एसएमसी शिक्षक शिमला में होने वाले धरने में भाग लेंगे।