मिल्लाह स्कूल में नई स्कूल प्रबंधन समिति का किया गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिल्लाह में अभिभावकों की आमसभा का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरधारी लाल ने की। इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2026-27 और 2027-28 के लिए नई स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
निर्विरोध हुए चुनाव में सुनील राणा (मिल्लाह-डाडो) को समिति का अध्यक्ष और दिनेश राणा (मिल्लाह-टैक) को उपाध्यक्ष चुना गया। नए नियमों के अनुसार दोनों पदाधिकारियों का कार्यकाल दो वर्ष का रहेगा।
बैठक में 18 अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। यद्यपि राजकीय प्राथमिक विद्यालय मिल्लाह और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिल्लाह एक ही परिसर में संचालित हैं, इसलिए यह स्कूल प्रबंधन समिति केजी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रभावी रहेगी।
बैठक में उपस्थित अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन ने नवगठित समिति से अपेक्षा जताई कि अध्यक्ष सुनील राणा और उपाध्यक्ष दिनेश राणा के नेतृत्व में समिति विद्यालय के विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान और विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।