-दो वर्ष के कार्यकाल के लिए सर्वसम्मति से हुआ समिति का गठन
-विद्यालय विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मिलकर काम करने का लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। राजकीय उच्च विद्यालय बांगरण में शनिवार को आयोजित बैठक के दौरान स्कूल प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में अभिभावकों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और विद्यालय स्टाफ की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी का चयन किया गया।
इसमें रीना देवी को अध्यक्ष चुना गया। समिति में नसरीन, प्रीति, उषा देवी, मोहिनी, मनीष और मीनू को सदस्य बनाया गया। ग्राम पंचायत बांगरण की प्रधान गुरजीत कौर, मीनू धीमान पदेन सदस्य रहेंगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार चौहान ने बताया कि कार्यकारिणी का गठन आगामी दो वर्षों के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि समिति विद्यालय के सुचारु संचालन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा सभी सदस्य विद्यालय हित में सक्रिय सहयोग देंगे।