6 पंचायतों के पशुपालकों को परेशानियों का करना पड़ रहा है सामना
संजय कंवर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सतौन पशु चिकित्सालय के अंतर्गत आधा दर्जन पशु औषधालय बिना फार्मासिस्ट के चल रहे हैं। इसका अतिरिक्त भार सतौन पशु चिकित्सालय में तैनात फार्मासिस्ट पर पड़ रहा है। पशु औषधालयों में फार्मासिस्ट न होने के कारण कई स्थानों पर ताले लटके हुए हैं। इससे करीब छह पंचायतों के पशुपालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दुर्गम क्षेत्र कांटी मशवा, कोडगा, सखौली, भजौन, चौकी मृगवाल और पौका स्थित पशु औषधालयों में कई वर्षों से फार्मासिस्ट के पद खाली पड़े हैं। इसके कारण क्षेत्र के पशुपालकों को अपने पशुओं का उपचार करवाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कांटी मशवा पंचायत के प्रधान काहन सिंह, उप प्रधान प्रदीप कुमार, कोडगा पंचायत की प्रधान लीला देवी, पौका पंचायत के प्रधान जय प्रकाश चौहान और सखौली पंचायत की प्रधान अमरा देवी ने बताया कि उनके पशु औषधालयों में कई वर्षों से फार्मासिस्ट के पद रिक्त हैं। इस संबंध में पंचायत की ग्रामसभाओं से प्रस्ताव पारित कर कई बार संबंधित विभाग और सरकार को भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो पाया है।
पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि आधा दर्जन पशु औषधालयों में फार्मासिस्ट के पद खाली होने के कारण सतौन पशु चिकित्सालय में तैनात फार्मासिस्ट पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण पशुपालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए सरकार को जल्द ही पशु औषधालयों में खाली पड़े पद भरने चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
पशुपालन विभाग सिरमौर की उपनिदेशक रेणु स्लारिया ने बताया कि पशु औषधालयों में खाली पड़े पदों को भरने के संबंध में समय-समय पर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाती रही है। आगे की कार्रवाई विभागीय उच्च स्तर पर ही होनी है।