पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिले में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ खनन विभाग का अभियान जारी है। तीसरे दिन विभाग की टीम ने अवैध खनन करते हुए छह ट्रैक्टर और एक टिपर को पकड़ा। रविवार को पांवटा साहिब में बहराल, सतीवाला, कोलर व माजरा में अवैध खनन करने वालो के खिलाफ कार्यवाही की गई। विभाग ने अवैध खनन करने पर वाहन चालकों से 25 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की है। जबकि, एक टिपर और तीन ट्रैक्टर को जब्त कर चालान अदालत को भेजे गए।
रविवार को माइनिंग इंस्पेक्टर मंगतराम शर्मा की टीम में शामिल अनुज चौहान, विकेश चौहान, राजेश कुमार व नीरज कुमार की टीम ने कार्यवाही की है। जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज के दिशा निर्देश के अनुसार अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया गया है। पिछले 3 दिनों से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए जिले में दो टीमों का गठन किया है। शुक्रवार से रविवार तक लगातार बहराल, सतीवाला, कोलर व माजरा में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की गई। माइनिंग इंस्पेक्टर ने बताया कि पिछले 3 दिनों के भीतर पांवटा में खनन विभाग की टीम ने 16 वाहनों के चालान कर वाहन संचालकों से 75 हजार जुर्माना राशि वसूली है । कुछ वाहनों को जब्त कर चालान अदालत में भेज दिया गया है।
उधर, जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज ने बताया कि सिरमौर में अवैध खनन के खिलाफ विभाग जोरदार अभियान चलाकर लगातार छापे की कार्रवाई को आगे बढ़ा रहा है।