नाहन के आयुष अस्पताल में कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल देता एक युवक।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। सोमवार को महज छह लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। लगातार तीसरे दिन किसी संक्रमित की मृत्यु नहीं हुई है। जिले में अब सक्रिय मामलों का आंकड़ा 126 रह गया है। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार सोमवार को जनपद में कुल 1794 सैंपल की जांच की गई। जबकि 30 सैंपल रविवार के शेष थे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पेंडिंग सैंपल में से एक, आरटीपीसीआर के 211 में से तीन लोग पॉजिटिव आए हैं, जबकि अन्य की रिपोर्ट निगेटिव रही। रैपिड एंटीजन टेस्ट में लिए गए 1561 सैंपल में से महज दो पॉजिटिव हैं। पॉजिटिव आए छह लोग आइसोलेट किए गए हैं। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि जिले में संक्रमण क मामलों में कमी आ रही है। लेकिन इसका मतलब यह कतई नहीं है कि कोरोना खत्म हो गया है। अभी भी हमें सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिले में आज 25 लोग कोरोना संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हो गए। अब सक्रिय मामलों का आंकड़ा 126 रह गया है।