हाटी समिति ददाहू की बैठक के दौरान मौजूद पदाधिकारी। संवाद
हाटी समुदाय के लोगों को उनके अधिकारों और हितों से करवाया जाएगा अवगत
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू(सिरमौर)। केंद्रीय हाटी समिति पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन करेगी। इसका मकसद हाटी समुदाय के लोगों को उनके अधिकारों और हितों से अवगत करवाना है। केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमिचंद कमल ने यह बात वीरवार को ददाहू में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। इससे पूर्व हाटी योद्धा स्वर्गीय कल्याण सिंह ठाकुर के निधन पर मौन रख कर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना भी की गई।
समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए डॉ. अमिचंद कमल ने उच्च न्यायालय में चल रहे अनुसूचित जनजातिय के मामले को लेकर विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही ददाहू इकाई में खाली पड़े पदों पर नियुक्तियां भी की। जिसमें सर्वसम्मति से देवीराम शर्मा को उपाध्यक्ष, कैलाश ठाकुर को कोषाध्यक्ष, मोहन सिंह ठाकुर, सुरेंद्र सूर्या व अनिल ठाकुर को सलाहकार नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त हर पंचायत से दो-दो समन्वयक नियुक्त किए गए, जिनका कार्य पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन करना और उच्च न्यायालय में चल रहे मामले से संबंधी फंड एकत्रित करना है। बैठक में हाटी समिति तहसील ददाहू की भाट कमेटी का गठन भी किया गया। जिसका अध्यक्ष देवी राम शर्मा को बनाया गया। इस मौके पर ददाहू तहसील हाटी समिति के अध्यक्ष भीम सिंह ठाकुर, महासचिव कुलदीप सिंह ठाकुर सहित ददाहू इकाई से जुड़ी सात पंचायतों के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।