श्रम कल्याण अधिकारी ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से जल्द यूएएन नंबर जमा करवाने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के भवन एवं अन्य निर्माण कार्य (बीओसीडब्ल्यू) से जुड़े सभी पंजीकृत श्रमिकों से ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करवाने का आग्रह किया गया है। श्रम कल्याण अधिकारी ने बताया कि ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के बाद विभाग की ओर से श्रमिकों के डिजिटल लेबर कार्ड तैयार किए जाएंगे, जिनके माध्यम से विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि श्रमिक ई-श्रम पोर्टल पर स्वयं (सेल्फ रजिस्ट्रेशन) या अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा लोकमित्र केंद्र के माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण पूरा होने के बाद प्राप्त ई-श्रम कार्ड, आईडी संख्या अथवा यूएएन (यूनिवर्सल अकाउंट नंबर) की जानकारी श्रम कल्याण कार्यालय सिरमौर, पुराना डीआरडीए भवन, उपायुक्त कार्यालय के समीप नाहन में स्वयं उपस्थित होकर जमा करवाई जा सकती है। इसके अलावा दूरभाष नंबर 01702-292032 पर भी यूएएन नंबर दर्ज करवाया जा सकता है।
कार्यालय में ई-श्रम पंजीकरण की जानकारी उपलब्ध होने के बाद संबंधित श्रमिकों के डिजिटल लेबर कार्ड जारी किए जाएंगे। इसी कार्ड के माध्यम से विभाग की विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिकों को पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के तहत प्रदान किया जाएगा।