(सिटी स्पोर्टस)
ट्रायल आधारित प्रतियोगिता में प्रतिद्वंद्वी टीमों को एकतरफा मुकाबलों में दी शिकस्त
स्कूल खेल कैलेंडर में रग्बी को शामिल करने पर जिला संगठन ने जताया सरकार का आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर की रग्बी टीम ने एक बार फिर राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित 67वीं राज्य स्तरीय बालक रग्बी प्रतियोगिता में सिरमौर की टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों को एकतरफा मुकाबलों में शिकस्त दी।
टीम के मुख्य कोच धर्मेंद्र चौधरी और सुधीर कुमार ने खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि रग्बी में शारीरिक क्षमता के साथ-साथ एकाग्रता, सूझबूझ और बेहतर तालमेल की भी जरूरत होती है। खिलाड़ियों ने इन सभी क्षमताओं का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। इस जीत से सिरमौर के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिताबी जीत के बाद खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का रास्ता खुलने की उम्मीद है। सिरमौर की इस उपलब्धि पर जिला रग्बी संगठन, शारीरिक शिक्षकों, प्रवक्ताओं और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है।
स्कूल खेल कैलेंडर में शामिल करने पर जताया आभार
जिला सिरमौर रग्बी संगठन ने रग्बी को स्कूल खेल कैलेंडर में शामिल करने के फैसले के लिए शिक्षा विभाग और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। संगठन के अनुसार, इससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे आने और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।