सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गतलोग के समीप एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ लोग घायल हुए हैं। गंभीर घायलों में चालक भी शामिल है। एक गंभीर घायल को नाहन से प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
हादसा मंगलवार रात करीब 12:45 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार 11 अगस्त को जगदीश शर्मा की दिल का दौरा पड़ने से संगड़ाह अस्पताल में मौत हो गई थी। उनके शव को गांव अरलू ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर किराये पर ली गई थी। वाहन में परिवार के सदस्यों के साथ कुछ ग्रामीण भी सवार हो गए थे।
बताया जा रहा है कि चिनाड़ के पास कुछ ग्रामीण भी वाहन में सवार हुए। गतलोग के समीप पहुंचते ही बोलेरो कैंपर अनियंत्रित हो गई और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद कैंपर सड़क से नीचे करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
चार लोगों की मौके पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान राजेंद्र (37), देस राज (23), रिखी राम (58) और राम गोपाल (62) के रूप में हुई है।
घायलों की सूची
हादसे में बृज मोहन, कृपा राम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेन्द्र और बोलेरो चालक कपिल देव घायल हुए हैं।