नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में पिछले तीन माह से बारिश न होने से किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। अभी एक सप्ताह तक जिले में बारिश की संभावना भी नहीं बन रही है। ऐसे में फसलों पर संकट छाने लगा है।
कृषि विभाग ने इस साल किसानों को 5,000 क्विंटल गेहूं का बीज वितरित किया गया है। जिलेभर में गेहूं की बिजाई की जा चुकी है लेकिन बारिश बगैर कई जगह अभी बीज अंकुरित भी नहीं हुए हैं तो कहीं ग्रोथ एक जैसी नहीं है। बारिश न होने का असर अन्य फसलों पर भी पड़ने लगा है। हाल ही में किसानों ने लहसुन की बिजाई भी की है।
किसान रामकुमार, उदय सिंह, राकेश कुमार व रणजीत आदि ने बताया कि बारिश न होने से सबसे ज्यादा गेहूं की फसल पर असर पड़ रहा है। जिले के ऊपरी इलाकों में 60 फीसदी किसान इंद्र देव के रहमोकरम पर निर्भर हैं। नाममात्र की सिंचाई सुविधा होने से किसानों को हर बार भारी नुकसान उठाना पड़ता रहा है। खेतों में गेहूं की बिजाई तो की गई है लेकिन बारिश न होने से ग्रोथ नहीं हो पा रही है। इस समय गेहूं आदि फसलों को बारिश की सख्त जरूरत है।
......
पिछली बार 40 फीसदी कम हुआ था उत्पादन
कृषि विभाग इस बार 50,000 मीट्रिक टन का लक्ष्य लेकर चल रहा है लेकिन समय पर बारिश न होने से पिछले साल की तरह उत्पादन में कमी आ सकती है। जिले में पिछले साल 30,000 मीट्रिक टन गेहूं का उत्पादन किया गया था, जो लक्ष्य से 40 फीसदी कम रहा। फरवरी व मार्च में तापमान में भारी बढ़ोतरी होने से गेहूं के उत्पादन में कमी आई।
......
अभी बारिश की संभावना नहीं
कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं के मौसम विशेषज्ञ डॉ. भीम पारिक ने बताया कि सात दिसंबर तक जिले में बारिश की संभावना नहीं है। चार से पांच दिन मौसम परिवर्तनशील रहेगा। अधिकांश स्थानों पर हल्के बादल छाए रहेंगे। सिरमौर के वातावरण में सापेक्षिक आद्रर्ता 18 से 48 फीसदी रहने की संभावना है।
बनेठी पंचायत में बारिश व सिंचाई सुविधा के अभाव में रुकी गेहूं की ग्रोथ। संवाद- फोटो : NAHAN