नाहन (सिरमौर)। विधानसभा चुनाव की आठ दिसंबर को होने वाली मतगणना प्रक्रिया के तहत सिरमौर जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित विस क्षेत्रों के मुख्यालयों में चिह्नित स्थलों पर मतगणना होगी। जिला निर्वाचन विभाग को उम्मीद है कि सुबह 8:00 बजे शुरू होने वाली मतगणना प्रक्रिया को दोपहर 1:00 बजे तक पांच घंटे के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसको लेकर जिले में सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
सिरमौर में होने वाली मतगणना को लेकर शुक्रवार को नाहन में प्रेसवार्ता में बातचीत के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर रामकुमार गौतम ने बताया कि मतगणना को लेकर सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव आयोग की ओर से तैनात किए गए मतगणना पर्यवेक्षक तैनात कर दिए गए हैं।
ये सभी पांचों पर्यवेक्षक 6 दिसंबर को अपने-अपने निर्धारित किए गए मतगणना केंद्रों पर पहुंचकर वहां मतगणना व सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। साथ ही यदि तैयारियाें में कहीं कुछ कमी पाई जाती है तो उसे भी रिटर्निंग अधिकारी के माध्यम से दुरुस्त करवाएंगे।
उन्होंने बताया कि मतगणना का कार्य सभी विधानसभा क्षेत्रों के मुख्यालयों पर चिह्नित स्थलों पर ही आयोजित किया जाएगा। सुरक्षा के दृष्टिगत भी पुख्ता इंतजाम रहेंगे। तीन सुरक्षा घेरों में पैरामिलिट्री सहित हिमाचल पुलिस के जवान सुरक्षा का जिम्मा देखेंगे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मतगणना केंद्र के बाहर एक क्यूआरटी भी तैनात रहेगी।
मतगणना केंद्रों के बाहर परिसर में मीडिया के लिए अलग से केंद्र की व्यवस्था होगी। मतगणना केंद्रों में केवल अधिकृत स्टाफ या एजेंट्स आदि को ही अनुमति होगी। इसके अलावा किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ठीक सुबह 8:00 बजे पोस्टल बैलेट की मतगणना होगी। साढ़े आठ बजे से ईवीएम के मतों की काउंटिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। ईवीएम के लिए प्रत्येक मतगणना केंद्र में 14-14 टेबल स्थापित किए जाएंगे। जबकि पोस्टल बैलेट व सर्विस वोटर के मतों की गणना के लिए अलग से टेबल होंगे। रिटर्निंग अधिकारी के टेबल की भी अलग से व्यवस्था होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना की संपूर्ण जानकारी वोटर हैल्प लाइन ऐप के माध्यम से सभी लोग घर बैठे देख सकते हैं। इसके अलावा भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी विधानसभा क्षेत्रवार मतगणना की ताजा अपडेट उपलब्ध रहेगी।
ऐसे में लोग कम से कम संख्या में मतगणना केंद्रों की तरफ पहुंचे। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्र में मोबाइल ले जाने की भी स्वीकृति नहीं दी जाएगी।
सिरमौर के नाहन में पत्रकारों से बातचीत करते जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राम कुमार गौतम। ?- फोटो : NAHAN