शिलाई (सिरमौर)। हिमालयन स्पोर्ट्स एंड क्लचरल क्लब की ओर से आयोजित 39वीं इंदिरा गांधी जयंती खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका नेगी ने किया। शिलाई की बेटी प्रियंका नेगी ने इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शिलाई परिसर में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शुभारंभ अवसर पर कस्तूरबा गांधी होस्टल की छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत किया। आरएसवीएन हाई स्कूल की छात्राओं ने पहाड़ी नृत्य कर समां बांधा।
कार्यक्रम की मुख्यातिथि प्रियंका नेगी ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि जहां जन्म लिया और शिक्षा ग्रहण की वहीं आज इस खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करने का अवसर प्राप्त हुआ। प्रियंका नेगी ने खेलों के क्षेत्र में नाम कमा चुकी खिलाड़ियों रितु नेगी, पुष्पा राणा, निर्मला चंदेल, ललिता, नीलम, पवन, प्रीति नेगी, साक्षी, सुषमा के उदाहरण देते हुए कहा कि यह सभी कड़ी मेहनत और पसीना बहाकर इस मुकाम पर पहुंची हैं। ऐसे में खेल क्षेत्र में आने वाले विद्यार्थी कड़ी मेहनत और अभ्यास करें।
इससे पूर्व शिलाई पहुंचने पर क्लब के अध्यक्ष ओमप्रकाश तोमर, ग्यार सिंह नेगी सहित अन्य पदाधिकारियों, सदस्यों, स्कूली बच्चों सहित अन्यों ने प्रियंका नेगी का जोरदार स्वागत किया। प्रतियोगिता का समापन व पारितोषिक वितरण समारोह 21 नवंबर को होगा।