संगड़ाह (सिरमौर)। उपमंडल संगड़ाह के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल लुधियाना में हुई अंडर-19 जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता की लोकनृत्य स्पर्धा में सतौन जोन की टीम ने प्रथम और संगड़ाह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। शास्त्रीय संगीत में पांवटा साहिब जोन ने बाजी मारी, वहीं संगड़ाह की टीम दूसरे स्थान पर रही।
भाषण प्रतियोगिता में बाल विद्या निकेतन संगड़ाह के ध्रुव, गुरुकुल पीच वैली राजगढ़ के छात्र अभिउदय प्रकाश चौहान और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंबोया के हिमांशु ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल गायन में दून वैली स्कूल पांवटा के अभय पहले, लुधियाना स्कूल के राहुल दूसरे और ददाहू के नवीन तीसरे स्थान पर रहे। आर्केस्ट्रा में संगड़ाह जोन प्रथम और राजगढ़ दूसरे स्थान पर रहा। एकांकी प्रतियोगिता में संगड़ाह ने पहला व शिलाई ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं समूहगान में पांवटा जोन व संगड़ाह जोन क्रमश: पहले व दूसरे स्थान पर रहे।
इससे पूर्व दो दिवसीय जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता का शुभारंभ उच्च शिक्षा उपनिदेशक कर्मचंद ने किया। प्रतियोगिता में जिला के 7 जोन के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस मौके पर एसडीपीओ अविनाश मल्होत्रा, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लुधियाना के प्रधानाचार्य धनीराम भाटिया, वीरेंद्र सिंह, दिनेश शर्मा, हिमांशु ठाकुर सहित अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।