फाइनल में 36-30 से दर्ज की जीत, कृतिका शर्मा बनीं टूर्नामेंट की बेस्ट प्लेयर
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर कबड्डी अकादमी पांवटा साहिब की महिला टीम ने उत्तराखंड में राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में अकादमी की खिलाड़ियों ने कबड्डी की मजबूत टीम मानी जाने वाली हरियाणा के जींद को 36-30 के अंतर से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खिताबी मुकाबले में शुरुआत से ही सिरमौर की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। रेड और डिफेंस दोनों विभागों में बेहतरीन तालमेल के दम पर टीम ने जींद पर लगातार दबाव बनाए रखा। हरियाणा की टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिरमौर की बेटियों ने संयम और सटीक रणनीति के साथ मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी और छह अंकों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की।
टीम की स्टार खिलाड़ी कृतिका शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए अपनी छाप छोड़ी। शानदार रेडिंग और मजबूत डिफेंस के दम पर उन्होंने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। अकादमी के कोच पूर्ण ठाकुर ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि हिमाचल की बेटियों की मेहनत, लगन और बढ़ते आत्मविश्वास का प्रमाण है।