गिरिपार क्षेत्र के जामना में सजाया गया शिरगुल महाराज का भव्य मंदिर। संवाद
-1500 ध्याणियों का होगा सम्मान, हर्षवर्धन चौहान करेंगे शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कफोटा (सिरमौर)। ट्रांसगिरि क्षेत्र के जामना स्थित शिरगुल मंदिर में रविवार को नौ गांव के इष्टदेव शिरगुल महाराज की नई मूर्ति का विधिवत अनावरण किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के करीब 10 हजार लोगों के जुटने की संभावना है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान करेंगे।
विशेष बात यह है कि शिरगुल महाराज की इस भव्य मूर्ति का निर्माण 1500 ध्याणियों (लड़कियों) के सहयोग से किया गया है। प्रत्येक ध्याणी ने 1100 रुपये का योगदान दिया, जिससे करीब 11 लाख रुपये की लागत से चांदी की मूर्ति तैयार की गई है। इसके साथ ही देवता के पदचिह्न, पाथा और त्रिशूल का भी निर्माण किया गया है।
मूर्ति अनावरण समारोह के दौरान दान देने वाली सभी 1500 ध्याणियों का विशेष सम्मान किया जाएगा। मंदिर समिति की ओर से उनके सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन्हें शिरगुल महाराज के आशीर्वाद स्वरूप पारंपरिक उपहार, अक्षत, फूल और चंदन भेंट किए जाएंगे।
मंदिर समिति के प्रधान नरेश चौहान ने बताया कि जामना में स्थित शिरगुल महाराज का मंदिर करीब 200 वर्ष पुराना है और मस्तभोज क्षेत्र के नौ गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उन्होंने बताया कि समारोह में नौ गांवों के श्रद्धालुओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में बाहरी मेहमान भी भाग लेंगे। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवाद