जिला शूटिंग चैंपियनशिप में दिखाई प्रतिभा
छात्रों ने कई स्वर्ण सहित जीते पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय, नाहन के विद्यार्थियों ने 23वीं सिरमौर जिला शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर विद्यालय के साथ-साथ जिले का नाम भी रोशन किया है। धौलाकुआं में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के युवा निशानेबाजों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में सूर्यांश कपूर ने 10 मीटर एयर राइफल यूथ मेन (एनआर) वर्ग में कांस्य पदक, 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर मेन (एनआर) तथा 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर मेन (एनआर) वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की।
शौर्यवीर चौहान ने 10 मीटर एयर राइफल सब-यूथ मेन (एनआर) वर्ग में स्वर्ण तथा 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर मेन (एनआर) वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। वहीं परी थापा ने 10 मीटर एयर राइफल यूथ वूमेन (एनआर) और 50 मीटर राइफल प्रोन वूमेन (एनआर) वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
ओजस्वनी ने 10 मीटर एयर राइफल यूथ वूमेन (एनआर) एवं 50 मीटर राइफल प्रोन वूमेन (एनआर) वर्ग में रजत पदक हासिल किए। इसके अलावा मानस्वी नेगी ने 10 मीटर एयर राइफल यूथ वूमेन (एनआर) वर्ग तथा अर्जुन सिंह ने 10 मीटर एयर राइफल जूनियर मेन (एनआर) वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के शूटिंग कोच सुधीर पॉल ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय के अध्यक्ष अनिल जैन तथा महासचिव सचिन जैन ने संयुक्त संदेश में सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।