त्योहारी सीजन और दीवाली से पहले अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे विभाग
उपमंडल नाहन के तहत पटाखों और आतिशबाजी की बिक्री के लिए स्थान चिह्नित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। त्योहारी सीजन खासकर दिवाली पर्व को लेकर जहां आम लोग अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं, वहीं प्रशासन और संबंधित विभाग भी अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। सोमवार को खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने दिवाली और अन्य त्योहारों के दौरान बिकने वाली मिठाइयों में मिलावट पर जांच को लेकर अभियान तेज कर दिया है। नाहन शहर के मुख्य बाजार में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कश्यप की टीम ने मिठाइयों के 7 सैंपल भरे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार त्योहारी सीजन के शुरूआत में ही जहां विभाग की टीम ने 90 के करीब सैंपल एकत्रित किए थे, वहीं अब इस अभियान को गति देते हुए सोमवार को नाहन के मुख्य बाजार में विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से 7 मिठाइयों मिल्ककेक, कलाकंद, बर्फी, बेसन के लड्डू, पेठा आदि के सैंपल एकत्रित किए हैं। टीम की ओर से एकत्रित किए गए सभी सैंपल इस बार लीगल भरे गए हैं। हालांकि बीच में टीम की ओर से सर्विलांस सैंपल भी एकत्रित किए जाते हैं।
उधर, जैसे ही विभाग की टीम मुख्य बाजार में सैंपल लेने पहुंची और इसकी भनक दुकानदारों को लगी तो कुछ दुकानदार दुकानों के शटर डाउन कर कुछ देर के लिए इधर-उधर हो गए। बता दें कि हाल ही में एक खाद्य तेल का सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरा था। इसके बाद विभाग की ओर से इस दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।
..
-त्योहारी सीजन पर मिठाइयों और अन्य खाद्य वस्तुओं में मिलावट की जांच को लेकर विभाग कार्रवाई कर रहा है। सोमवार को नाहन बाजार से मिठाइयों के 7 सैंपल एकत्रित किए गए हैं। इन्हें जांच के लिए संबंधित लैब में भेजा जाएगा। इसके अलावा अन्य वस्तुओं के सैंपल भी एकत्रित होंगे।
-अरूण चौहान, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सिरमौर
नाहन बाजार से एकत्रित किए मिठाइयों के सैंपल्स को लैब भेजने की तैयारी करती खाद्य सुरक्षा अधिकार