बांध प्रबंधन और संघर्ष समिति के बीच विस्थापितों के मुद्दे पर हुई महत्वपूर्ण बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह(सिरमौर)। श्री रेणुका बांध जन संघर्ष समिति की कोर कमेटी की बैठक सोमवार को ददाहू स्थित शर्मा हाउस में समिति अध्यक्ष योगेंद्र कपिला की अध्यक्षता में हुई। इसमें बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर मंथन किया गया।
संघर्ष समिति के संयोजक प्रताप सिंह तोमर और महासचिव संजय चौहान ने बांध प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि धारा 17(4) के लागू हुए 17 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक विस्थापितों की समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन का यही रवैया जारी रहा तो समिति को आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
बैठक के उपरांत समिति के पदाधिकारियों ने बांध प्रबंधन कार्यालय में महाप्रबंधक खेम सिंह ठाकुर से मुलाकात की और विभिन्न मांगों से अवगत कराया। प्रमुख मांगों में विस्थापित परिवारों को रोजगार, डूब क्षेत्र में रहने वाले सेवानिवृत्त सैनिकों को बांध कार्यालय में प्राथमिकता, प्रत्येक विस्थापित परिवार को 5 बीघा भूमि और पूर्ण विस्थापित का दर्जा देना शामिल रहा।
महाप्रबंधक खेमसिंह ठाकुर ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि विस्थापितों की समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष हरिचंद शर्मा, कानूनी सलाहकार वरुण शर्मा, मुख्य सलाहकार राजकुमार शर्मा, बलबीर सिंह ठाकुर, सुभाष चंद्र, टीकाराम शर्मा सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
संवाद