मेडिकल काॅलेज नाहन के सुरक्षा कर्मियों पर कोताही बरतने के आरोप
औचक निरीक्षण के दौरान सामने आई कोताही, नदारद मिले कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मेडिकल कॉलेज नाहन में आउटसोर्स पर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाल रही एजेंसी पर कोताही बरतने के आरोप लगे हैं। दरअसल, इसका खुलासा हाल ही में उस समय हुआ जब काॅलेज प्रबंधन की ओर से औचक निरीक्षण किया गया। आरोप है कि एजेंसी की ओर से यहां तैनात सुरक्षा कर्मियों की हाजिरी रजिस्टर पर तो दिखाई गई है, लेकिन मौके पर कर्मचारी ड्यूटी से नदारद पाए गए।
इसके बाद मेडिकल काॅलेज प्रबंधन ने बैठक कर सुरक्षा कर्मियों की हाजिरी का लेखा-जोखा रखने के लिए डॉ. प्रतीक सिंह और डॉ. संजय कुमार को नोडल अधिकारी बनाया है। ये भी फैसला लिया गया कि प्रबंधन अब अपने स्तर पर भी सुरक्षा व सफाई कर्मचारियों की हाजिरी लगाएगा। रोजाना सुरक्षा को लेकर निरीक्षण होंगे। एजेंसी और काॅलेज प्रबंधन के हाजिरी रजिस्टर के मिलान के बाद ही पैसे का भुगतान किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि कुछ समय से कॉलेज प्रबंधन को सुरक्षा कर्मियों के ओपीडी में ड्यूटी से नदारद पाए जाने और अव्यवस्था को लेकर शिकायतें मिल रहीं थीं। इस पर संज्ञान लेते हुए संयुक्त निदेशक और वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक ने औचक निरीक्षण किया तो हाजिरी लगने के बावजूद ड्यूटी से नदारद रहने का खुलासा हुआ।
मेडिकल कॉलेज नाहन के संयुक्त निदेशक संजीत कुमार ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान सुरक्षा कर्मियों की रजिस्टर पर हाजिरी होने के बावजूद ड्यूटी से नदारद पाए जाने की कोताही सामने आई है। प्रबंधन ने अब अपने स्तर पर भी हाजिरी लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर औचक निरीक्षण का निर्णय लिया है।