‘इन बड़ियां नू तुढ़का लाना ओ ठेकेदारनीए...’, की प्रस्तुति पर झूमे दर्शक
कुलदीप शर्मा समेत लोक कलाकारों के नाम रही दूसरी सांस्कृतिक संध्या
अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले में नाटियों पर जमकर थिरके मुख्यातिथि और दर्शक
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या प्रदेश के नामी लोक कलाकारों के नाम रही। इस संध्या में सिरमौर के अलावा कुल्लू, मंडी व शिमला सहित अन्य जिलों की लोक संस्कृति से भी दर्शकों को रूबरू होने का मौका मिला।
दूसरी सांस्कृतिक संध्या में नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने ऐतिहासिक रेणु मंच पर ऐसा धमाल मचाया कि दर्शकों के साथ-साथ अधिकारी भी पंडाल पर थिरके बिना रह ना सके। कुलदीप शर्मा ने मंच संभालते ही रेणुका वंधना रेणुका माई ऐ महा माई ए से अपनी प्रस्तुति का आगाज किया। इसके बाद उन्होंने रंग रूप तेरा बड़ा प्यारा शिल्पा शिमले वालिए..., दरोगा जी इन छौरुआं लिये समझाईं.., इन बड़ियां नू तुढ़का लाना ओ ठेकेदारनीए..., मोनिका ओ मेरी मोनिका..., जन्नत की तू हूर नहीं मेरे कॉलेज की लड़की है..., यह दिल तुम्हारे प्यार का सहारा है दोस्तों..., आदि अनेकों पहाड़ी लोकगीतों पर दर्शकों को खूब नचाया। कुलदीप शर्मा के दर्शकों के बीच जाते ही दर्शक अपनी सीटों पर ही खड़े होकर नाचने पर विवश हो उठे।
इससे पूर्व हनी नेगी ने ठंडे पानी रा नाला बैलिए, जिने के हैं चार दिन आदि अनेकों पहाड़ी लोकगीतों से समां बांधे रखा। ममता भारद्वाज ने धारो पांदे लागो कुकड़ी, पानी री टैंकी हो, एक मुंडा पंजाबी जिसके नैन शराबी, लड़का आंख मारे, खाईके पान बनारस वाला आदि की प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसके अतिरिक्त कुल्लू के कलाकारों ने कुल्लवी लोक गीत देश शौभला हिमाचल हम्मारा पर लोक नृत्य की मनभावन प्रस्तुत दी। इसके अतिरिक्त प्रदेश के करीब दो दर्जन कलाकारों ने भी मंच पर अपने नगमें पेश किए।
दूसरी सांस्कृतिक संध्या के मुख्यातिथि मंडलीय आयुक्त शिमला संदीप कदम ने संध्या का लुत्फ उठाया। इस मौके पर एडीसी एललार वर्मा, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, तहसीलदार ददाहू जयसिंह ठाकुर सहित रेणुका विकास बोर्ड के अन्य सदस्य व हजारों दर्शक मौजूद रहे।
संवाद
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले में गायक कुलदीप शर्मा के साथ झुमते अतिरिक्त उपायुक्त एलआर वर्म
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले में गायक कुलदीप शर्मा के साथ झुमते अतिरिक्त उपायुक्त एलआर वर्म
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले में गायक कुलदीप शर्मा के साथ झुमते अतिरिक्त उपायुक्त एलआर वर्म