एसडीएम राजीव सांख्यान ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
जमटा और बनेठी स्कूल में दी दबिश, स्वास्थ्य केंद्र बनेठी भी जांचा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले में दसवीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 157 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक आयोजित की जा रहीं हैं। नकल विहीन परीक्षा के लिए जहां सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही हैं, वहीं उड़न दस्ते भी परीक्षा केंद्रों की जांच कर रहे हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान की अध्यक्षता में गठित उड़नदस्ते ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जमटा का औचक निरीक्षण किया। इस परीक्षा केंद्र पर 12वीं की भौतिक विज्ञान की परीक्षा चल रही थी।
यहां पर 18 विद्यार्थी इस परीक्षा को दे रहे थे। एसडीएम ने परीक्षा का संचालन सही पाया। इसके बाद एसडीएम और उनकी टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनेठी का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण भी किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनेठी में भी आंतरिक परीक्षाओं का आयोजन चला हुआ था। यहां पर एसडीएम राजीव सांख्यान ने विद्यालय प्रबंधन को बच्चों का नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। इसी दौरान एसडीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनेठी का भी औचक निरीक्षण किया।
संवाद