महीने में दो शुक्रवार रेणुका जी में सेवाएं देंगे एसडीएम नाहन
पहले, दूसरे और चौथे शुक्रवार को त्रिलोकपुर में भी देंगे सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। उप-मंडलाधिकारी (एसडीएम) नाहन राजीव सांख्यान महीने में दो दिन रेणुकाजी में बैठकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने बताया कि वह हर माह के पहले, दूसरे व चौथे शुक्रवार को त्रिलोकपुर और तीसरे व पांचवें शुक्रवार को रेणुकाजी विकास बोर्ड के कार्यालय में अपनी सेवाएं देंगे। इस दौरान क्षेत्र के लोगों की समस्याओं सहित राजस्व व प्रशासनिक कार्यों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा। ऐसा होने से लोगों को नाहन नहीं आना पड़ेगा और उनके पैसे और समय की बचत होगी।
एसडीएम ने बताया कि इस कार्य की शुरुआत इसी माह के तीसरे व पांचवें शुक्रवार से की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं के अतिरिक्त रेणुका विकास बोर्ड से जुडे कार्यों को भी एक साथ निपटाया जा सकेगा और रेणुकाजी तीर्थ में विकासात्मक गतिविधियों की भी देख-रेख हो सकेगी। उन्होंने बताया कि लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
-संवाद