संगड़ाह बाजार में दुकानों का निरीक्षण करते एसडीएम सुनील कुमार। संवाद
एसडीएम ने 10 दुकानों के चालान कर वसूला 7,400 रुपये जुर्माना
ददाहू (सिरमौर)। एसडीएम के नेतृत्व वाली टीम ने शनिवार को संगड़ाह बाजार का औचक निरीक्षण करके 20 दुकानों की जांच की। इस दौरान पॉलिथीन का इस्तेमाल करने और दुकानों पर मूल्य सूची प्रदर्शित न करने पर 10 दुकानों के चालान किए, जिनसे 7,400 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
एसडीएम की इस कार्रवाई से संगड़ाह बाजार में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। पॉलिथीन का इस्तेमाल करने पर एसडीएम ने सभी दुकानदारों को कड़ी फटकार भी लगाई। साथ ही कई दुकानदारों के चालान कर जुर्माना राशि भी वसूल की।
एसडीएम सुनील कुमार ने दुकानदारों को हिदायत दी कि भविष्य में कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसडीएम की इस टीम में खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक कपिल दत्त सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।