प्राथमिक स्तर की 20 पाठशालाएं होंगी मर्ज और छह होंगी पूरी तरह बंद
सिरमौर में एक माध्यमिक पाठशाला को भी किया गया है मर्ज
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। प्रदेश सरकार ने सिरमौर जिले के 27 स्कूलों को बंद करने का फरमान जारी कर दिया है। इनमें 26 प्राथमिक और एक माध्यमिक पाठशाला शामिल है। इनको बंद करने की अधिसूचना प्रदेश सरकार ने जारी कर दी है। इनमें से 20 प्राथमिक पाठशालाओं को साथ लगते दूसरे स्कूलों में मर्ज किया जाएगा, जबकि छह प्राथमिक पाठशालाओं को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। वहीं एक माध्यमिक पाठशाला को भी मर्ज करने की अधिसूचना जारी हुई है।
प्रदेश सरकार ने यह फैसला सरकारी स्कूलों में घट रही विद्यार्थियों की संख्या को ध्यान में रखकर लिया है। जिन स्कूलों को मर्ज किया जाना है उनमें बच्चों की संख्या पांच या उससे भी कम है। ऐसे में प्राथमिक स्तर तक के बच्चों को अब शिक्षा ग्रहण करने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी।
सरकार का यह भी मानना है कि जिन स्कूलों को मर्ज या बंद किया जा रहा है, उन स्कूल भवनों को गांव में ही खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस्तेमाल में लाया जाएगा। फिलहाल सरकार ने सिरमौर जिले के 20 प्राथमिक पाठशालाओं को मर्ज व छह को बंद करने की अधिसूचना जारी करके जिला उपनिदेशक से अगली कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तलब की है। इससे प्रारंभिक शिक्षा विभाग शीघ्र ही इस बारे में आदेश जारी कर सके। जिले की एक माध्यमिक पाठशाला को भी मर्ज करने की अधिसूचना जारी हुई है।
जिला प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि जिले की 26 प्राथमिक पाठशाला को मर्ज व बंद करने की अधिसूचना प्राप्त हुए है। एक माध्यमिक पाठशाला को भी मर्ज किया गया है। इनमें तैनात शिक्षकों को कम स्टाफ वाले स्कूलों में भेजने का विभाग ने निर्णय लिया है। इससे जहां स्कूलों में बच्चों की संख्या में इजाफा होगा, वहीं स्टाफ की कमी भी दूर होगी।
-बाक्स
ये प्राथमिक पाठशालाएं व माध्यमिक पाठशाला होंगी मर्ज
जिन प्राथमिक पाठशालाओं को साथ लगते दूसरे स्कूलों में मर्ज किया जा रहा है उनमें बकरास खंड की प्राथमिक पाठशाला दुरेच, शालिया, कफोटा खंड की केरका गुईना, चियोग, भात्तर, खोड़ोवाला खंड की रूदाना, माजरा खंड की कटल, नाहन खंड की नगौली, नारग खंड की नोमचाट, चनालग शामिल हैं। इसके अलावा राजगढ़ खंड की पंती दवांग, हिदुता, संगड़ाह खंड की शौज खिल, सतौन खंड की ददुआ कैला, बाग तिलवारी, शिलाई खंड की जिमटवार, सेरखी, सुरला खंड की दोलशरी व बकारला शामिल हैं। इसके अलावा कफोटा शिक्षा खंड की माध्यमिक पाठशाला शमाहा को माध्यमिक पाठशाला पामटा में मर्ज किया जा रहा है। इसके अलावा छह प्राथमिक पाठशालाओं को बंद करने की भी अधिसूचना जारी की गई है।