संगड़ाह जोन की अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में 13 स्कूलों के 150 छात्रों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/संगड़ाह/नौहराधार(सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लानापालर में तीन दिवसीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में लानापालर स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ विद्यालय की ट्राॅफी अपने नाम की। समापन समारोह में समाजसेवी सूरत सिंह कंठ ने विजेता टीमों को ट्राॅफी व मेडल देकर पुरस्कृत किया। संगड़ाह जोन के छात्र वर्ग के खेल प्रभारी कपिल मोहन ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में 13 विद्यालयों के 150 छात्रों ने भाग लिया। वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल में हरिपुरधार स्कूल ने कोटिधिमान स्कूल को हराया। कबड्डी में भी हरिपुरधार स्कूल ने संगड़ाह स्कूल को 17 अंकों से पराजित किया। खो-खो में लानापालर स्कूल ने रजाना स्कूल को 3 अंकों और बैडमिंटन में भी लानापालर ने बीवीएन पब्लिक स्कूल संगड़ाह को 2-0 से पराजित किया।
योगा में भाटगढ़ स्कूल पहले और लानापालर स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही। शतरंज स्पर्धा में लाना पालर ने संगड़ाह को परास्त कर बाजी अपने नाम की। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लानापालर सब से ज्यादा अंक लेकर सर्वश्रेष्ठ विजेता बना। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए चयन किया गया। ये खिलाड़ी वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो और ठोडा में 5 से 7 सितंबर तक जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फागू में और बैडमिंटन, शतरंज और योग में चयनित खिलाड़ी 27 से 29 सितंबर तक नारग स्कूल में संगड़ाह जोन का नेतृत्व करेंगे। इस मौके पर इस खेलकूद प्रतियोगिता के प्रबंधक सचिव और लानापालर विद्यालय के प्रधानाचार्य तपेंद्र चौहान ने विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। मुख्यातिथि ने जिला स्तर पर भाग लेने वाले छात्रों को अपनी ऐच्छिक निधि से खेल किट उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर ललित कंठ, पंचायत समिति सदस्य करिश्मा ठाकुर, प्रधान बलवीर सिंह, समाजसेवी विनय शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।