बच्चों को एआई व कोडिंग की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नैना टिक्कर के विद्यार्थियों ने 9 से 12 जून तक आयोजित रोबोटिक्स लैब सत्रों में भाग लेकर विभिन्न नवाचारी प्रोजेक्ट तैयार किए। सत्रों का आयोजन एटीएल प्रशिक्षक राकेश सिंह और भौतिक विज्ञान प्रवक्ता एवं रोबोटिक्स लैब प्रभारी राजीव कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से कोडिंग की प्रक्रिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित तकनीकों के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
प्रधानाचार्य संगीता भट्टी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नवाचार के लिए प्रेरित करते हुए नई तकनीकों को सीखने पर जोर दिया। इसके अलावा 12 जून को विद्यार्थियों ने स्टार प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के विद्यालयों के लिए आयोजित ऑनलाइन कॅरिअर काउंसलिंग सत्र में भी भाग लिया। कॅरिअर काउंसलिंग सत्र में विद्यार्थियों को यूपीएससी, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, भारतीय वन सेवा, रक्षा सेवाओं और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, विषय चयन और विभिन्न कॅरिअर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ऑनलाइन शिक्षा के लिए इंटरनेट के प्रभावी और सकारात्मक उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।