दलित वर्ग के सांविधानिक हितों को सुरक्षित रखना आयोग का उद्देश्य : कुलदीप
ददाहू में आयोजित बैठक में लाभार्थियों से किया सीधा संवाद
दलितों के मामलों की कार्रवाई के लिए समय सीमा निर्धारित
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। गरीब व दलित लोगों के घरद्वार तक न्याय प्रदान करना ही अनुसूचित जाति आयोग का मुख्य उद्देश्य है। उनके सांविधानिक अधिकारों का हनन नहीं होना चाहिए। यह बात अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने बुधवार को ददाहू में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि राज्य अनुसूचित जाति आयोग एक भारतीय सांविधानिक निकाय है। यह अनुसूचित जाति व समुदाय से संबंधित लोगों के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सांस्कृतिक हितों को संरक्षण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के मामलों में न्याय प्रदान करने के लिए समय सीमा निर्धारित की गई है।
इस दौरान उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया और उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि व लाभों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों से अत्याचार व शोषण होने की सूरत में आयोग को सीधे शिकायत करने का आह्वान भी किया।
मौके पर आयोग के सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा, विजय डोगरा, सदस्य सचिव विनय मोदी, एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, डीएसपी संगड़ाह मुकेश डडवाल, तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर, एसएचओ प्रियंका चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व लाभार्थी मौजूद रहे।
.....संवाद