आक्रोशित ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों मेंं कहा, हर बार की लीपा पोती नहीं चलेगी
पहले उपायुक्त को दिया ज्ञापन, उसके बाद सतौन मेें ग्रामीणों ने की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सतौन (सिरमौर)। सतौन-रेणुकाजी सड़क की दुर्दशा को लेकर जन आक्रोश सामने आ रहा है। लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क की दशा, उस जगह से सुधारने के लिए जहां-जहां पर आबादी है के लिए बजट स्वीकृत किया है। इसे लेकर ग्रामीण खुश नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस बार लीपा पोती नहीं चलेगी। उनका कहना है कि सड़क कुछ ही जगह से पक्की करने से अच्छा है विभाग नौ महीने पानी के टैंकर से यहां पर छिड़काव करे।
इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त सिरमौर से मिला और उनको ज्ञापन दिया। इसे लेकर एक बैठक मंगलवार को सतौन में भी हुई। इसमें श्री पांवटा विकास मंच के अध्यक्ष जीएस चौहान विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में मौजूद ग्रामीण अनिल कुमार, श्याम लाल, सुनील कपूर, कमल शर्मा, महेंद्र कपूर, सुनील, सुखदेव तोमर, जयपाल, हरिदत्त आदि ने बताया कि मीडिया में खबरों के बाद विभाग यहां 22 लाख से लीपा पोती करने जा रहा है। जबकि 70 साल से लोग यहां धूल फांक रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस 15 किलोमीटर की पूरी सड़क को पक्का किया जाए। खस्ताहाल सड़क के साथ लगते घरों का जीना मुहाल हो गया है। कपड़े तक घर में नहीं सूखा सकते। मवेशियों के लिए चारा तक काटने में परेशानी हो रही है।
श्री पांवटा विकास मंच के अध्यक्ष जीएस चौहान ने कहा जिस प्रकार पांवटा में सड़कों की खस्ता हालत को लेकर जन आंदोलन शुरू किया है, ठीक उसी तरह शिलाई में भी जनांदोलन शुरू किया जाएगा।
-संवाद