स्वच्छता और जल संरक्षण का दिया संदेश, जिलेभर में हुई सफाई
प्रोजेक्ट के जरिये सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी की शिक्षाओं को बढ़ाया आगे
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन(सिरमौर)। संत निरंकारी मिशन की ओर से चलाए जा रहे अमृत प्रोजेक्ट के चौथे चरण के तहत देशभर में आज जल स्रोतों की सफाई की जा रही है। इसी कड़ी में मिशन की ओर से नाहन शिमला रोड स्थित पार्किंग के समीप बावड़ी की सफाई की गई और लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
संत निरंकारी मिशन के प्रचारक एवं सहायक मीडिया प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अमृत प्रोजेक्ट के तहत आज पूरे देशभर में संत निरंकारी मिशन की ओर से 1500 जल स्रोतों की सफाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अमृत प्रोजेक्ट का पहला चरण वर्ष 2023 में भारत के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से शुरू किया गया था। स्वच्छ जल, स्वच्छ मन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन की ओर से अमृत प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मिशन का उद्देश्य, सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी की शिक्षाओं को आगे बढ़ाते हुए मानवता और प्रकृति की सेवा का संदेश देना है। अभियान के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि वे जल स्रोतों को स्वच्छ रखें और जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझें।
-संवाद
नाहन के शिमला रोड पर प्राचीन बावड़ी की सफाई करते संत निरंकारी मिशन से जुड़े सदस्य। संवाद