-समाज के अन्य लोगों से भी की सहायता की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। रोटरी क्लब और रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने एक हृदय रोगी के उपचार के लिए 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। व्यक्ति का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। आर्थिक तंगी के कारण वह अपने उपचार का खर्च वहन करने में असमर्थ था।
चिकित्सकों ने उसके हृदय में स्टेंट डालने की सलाह दी है। लंबे समय से कार्य न कर पाने के कारण उसके परिवार की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई थी। दोनों क्लबों ने इस मानवीय संकट को देखते हुए संयुक्त रूप से यह पहल की। क्लब के अध्यक्ष मनीष जैन ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करना है। उन्होंने कहा कि किसी का जीवन बचाना सबसे बड़ी मानव सेवा है।
रोटरी क्लब नाहन संगिनी की अध्यक्ष सोना चंदेल ने कहा कि सेवा ही रोटरी का मूल मंत्र है। उन्होंने बताया कि दोनों क्लब समाज सेवा, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। क्लब के सदस्यों ने रोगी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने समाज के सक्षम नागरिकों से भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।