संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स की ओर से 25 सितंबर को कालाअंब स्थित मेट्रो डेकोरेटिव के प्रांगण में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। रोटरी इंटरनेशनल जिला 3080 के आह्वान पर आयोजित इस अभियान में जिला 3080 के 140 रोटरी क्लब एक ही दिन अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाएंगे। इसके माध्यम से एक दिन में सर्वाधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने का विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।
रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स की प्रधान प्रगति सबलोक ने बताया कि रोटरी जिला की गवर्नर डॉ. रीता कालरा के आह्वान पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश के अलावा हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और पंजाब में भी एक साथ रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
क्लब सचिव विकास रतन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सभी रोटरी क्लबों को एक मंच पर लाकर रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध करवाना है। शिविर का आयोजन ब्लड डोनेशन कैंप के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सबलोक की देखरेख में होगा। देहरादून के देवभूमि ब्लड सेंटर की मेडिकल टीम शिविर में रक्त संग्रहण के लिए विशेष रूप से पहुंचेगी।
डॉ. सबलोक ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाने वाला निस्वार्थ सेवा कार्य है।