द रोज ऑर्किड वर्ल्ड स्कूल तारुवाला में वार्षिक समारोह का आयोजन
नृत्य, नाटक और संगीत के जरिये नौ रसों की जीवंत प्रस्तुति ने मोहा मन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। द रोज ऑर्किड वर्ल्ड स्कूल तारुवाला में वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘नवरस’ रही। विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक और संगीत के माध्यम से नौ रसों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि विद्यालय के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद भूषण कुमार शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
समारोह में शृंगार, हास्य, करुण, रौद्र, वीर, भयानक, वीभत्स, अद्भुत और भक्ति रस को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया गया। हास्य रस ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया, जबकि करुण रस की मार्मिक प्रस्तुति ने भावुक कर दिया। वीर रस की प्रस्तुति ने देशभक्ति और उत्साह का संचार किया। वहीं गणेश वंदना और भक्ति रस ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। समापन प्रस्तुति में सभी नौ रसों का सुंदर संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या ममता सैनी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की शैक्षणिक, खेल और सांस्कृतिक उपलब्धियों की जानकारी दी। निदेशक ललित शर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और मेहनत का महत्व समझाया। वहीं निदेशक शैक्षणिक अंजू अरोड़ा ने शिक्षा के साथ संस्कारों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपप्रधानाचार्य प्रिया सरीन ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।