- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित
- खाद्य एवं आपूर्ति निगम की निदेशक नसीमा बेगम ने मेधावी विद्यार्थियों और प्रतिभाओं को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। विद्यार्थियों ने हिमाचली लोकनृत्य नाटी, भंगड़ा और छात्राओं ने पारंपरिक गिद्दा प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में हिमाचल प्रदेश खाद्य एवं आपूर्ति निगम की निदेशक एवं महिला कल्याण बोर्ड की सदस्य नसीमा बेगम मुख्यातिथि रहीं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों और विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह धीमान ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों की उपलब्धियों की जानकारी दी।
शैक्षणिक उपलब्धियों में जमा दो विज्ञान संकाय के आरव शर्मा ने 98 प्रतिशत अंक लेकर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में प्रदेश स्तर पर सातवां स्थान भी प्राप्त किया। कला संकाय में रंजना तोमर ने 93.6 प्रतिशत और वाणिज्य संकाय में आयुषी तोमर ने 86.4 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके अलावा अदिति शर्मा, मन्नत, रवनीत शर्मा, मानवी और प्रिया को अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
खेलकूद में गुरजीत कौर को जोनल स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण और गोविंद को कांस्य पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिए गए। सर्वश्रेष्ठ उपस्थिति, एनएसएस के सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक, इको क्लब और विद्यालय बैंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न सदनों की गतिविधियों में सुभाष सदन ने प्रथम स्थान हासिल किया।
समारोह में शिवपुर पंचायत की बीडीसी सदस्य बलवंत कौर, ग्राम पंचायत भुंगरनी के प्रधान तेजिंद्र सिंह सहोता, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान सुशील शर्मा, अभिभावक, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन समिति और स्टाफ सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।