शमशेरगंज मोहल्ले की कंकरीट वाली सड़क भी उखड़ी
शहीद स्मारक से लेकर कोर्ट तक सड़क का पैचवर्क कार्य एक महीने भी नहीं टिका
लोगों ने नगर परिषद से सड़क के कार्य की गुणवत्ता की जांच की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन की सड़कों पर हाल ही किया गया पैचवर्क कार्य एक या दो महीने से ऊपर नहीं टिक पाता हैं। शहर के शहीद स्मारक से लेकर कोर्ट का पैचवर्क कार्य एक महीने भी टिका नहीं। इस मार्ग पर किए गए पैचवर्क कार्य में से बजरी उखड़ कर सड़क में बिखर गई है। इसके कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौर हो कि पिछले साल नवंबर महीने में शहीद स्मारक से लेकर कोर्ट तक सड़क का पैचवर्क कार्य किया गया था लेकिन यह कार्य एक माह भी टिक नहीं सका। सड़क पर बिखरी बजरी के कारण दो पहिया वाहन चालक सहम कर चलते हैं, क्योंकि बजरी के कारण वाहन स्टीक हो सकता है। उधर पैदल राहगीर भी सड़क पर सही तरीके से चल नहीं पाते हैं।
स्थानीय वरिष्ठ लोगों में शमशेर ठाकुर, अमरचंद, नेत्र सिंह पुड़ीर, जगदीश सिंह ने कहा कि इस मार्ग से बड़े-बड़े अधिकारी जाते हैं। इसके बावजूद सड़क का इस तरह से एक माह में उखड़ जाना हैरानी की बात है। लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि इस सड़क के कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाए।
उधर शमशेरपुर कैंट इलाके में भी कुछ महीने पूर्व बनी कंकरीट की सड़क भी उखड़ गई है। जिसके कारण वाहन चालकों के साथ राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों में आरिफ अली, नाशिर, वासिक ने बताया कि कुछ माह पहले बनी सड़क उखड़ गई है। उन्होंने नगर परिषद से उक्त सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है।
नाहन थाना के समीप खस्ताहाल सड़क।
नाहन थाना के समीप खस्ताहाल सड़क।