छह माह से बंद सड़क खुली, कंडेला-अंबीवाला में लौटी रफ्तार
-सालवाला होकर सात किलोमीटर का अतिरिक्त सफर खत्म, जेसीबी से दुरुस्त हुआ क्षतिग्रस्त मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। करीब छह माह से बंद पड़ी कंडेला-अंबीवाला सड़क आखिरकार वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो गई। सड़क खुलते ही मार्ग पर दर्जनों वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। इससे लंबे समय से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। सड़क बंद होने के कारण लोगों को सालवाला होकर करीब सात किलोमीटर का अतिरिक्त सफर घने जंगल और ऊबड़-खाबड़ रास्ते से तय करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार पहली बरसात के बाद कंडेला-अंबीवाला सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। मार्ग की हालत इतनी खराब थी कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। सबसे अधिक परेशानी कंडेला पंचायत के एससी वार्ड के लोगों को उठानी पड़ रही थी। ग्रामीणों ने सड़क बहाल करवाने के लिए जिला परिषद वार्ड छह कमरऊ के सदस्य खत्री सिंह ठाकुर से गुहार लगाई।
ग्रामीणों के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद खत्री सिंह ठाकुर ने मौके पर अपनी जेसीबी भेजी। जेसीबी की मदद से दिनभर सड़क को दुरुस्त करवाया गया और इसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बहाल हो सकी।
सड़क बहाल होने पर पूर्व प्रधान अमर सिंह, रंजीत सिंह, राजेश शर्मा, सुनील कुमार, रक्षा देवी, मुक्ता देवी, विद्या देवी, संदीप, दिनेश पंथान, अमित शर्मा, जोगेंद्र समेत अन्य ग्रामीणों ने जेसीबी उपलब्ध करवाने के लिए जिला परिषद सदस्य का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क खुलने से अब क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में काफी सुविधा मिलेगी और अतिरिक्त सात किलोमीटर का चक्कर भी नहीं लगाना पड़ेगा।-