कंडेला अदवाड को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग को लेकर अधिशासी अभियंता से मिलने जाते हुए प
-ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता से मिलकर सौंपा मांगपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब/पुरुवाला (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र की ग्राम पंचायत कंडेला-अदवाड़ को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। शुक्रवार को पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर क्षेत्र की सड़क व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता को बताया कि कंडेला-अदवाड़ क्षेत्र के लोगों को आवागमन में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क होने से क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने विभाग से मांग की कि कंडेला-अदवाड़ क्षेत्र को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ा जाए, ताकि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सके।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के अलावा पंचायत के उपप्रधान संजय भारद्वाज, धनवीर सिंह, अमर सिंह, इंद्र सिंह, सुभाष शर्मा और रामलाल भी मौजूद रहे।