हेवना में भूस्खलन और भारी चट्टानें आने से से एनएच पर लगी रहीं वाहनों की कतारें
जिले में 20 मुख्य सड़कें बंद, ढाकवाला में मकान को खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/सतौन (सिरमौर)। सिरमौर जिला में पांवटा-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे 707 भूस्खलन के चलते एक घंटे बंद रहा। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग की 20 मुख्य जिला सड़कें (एमडीआर) बंद रहीं। हालांकि वीरवार को मौसम साफ रहा। इसके चलते लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार भूस्खलन के चलते हेवणा के पास पांवटा-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे सुबह 7:30 बजे बंद हो गया। ऐसे में पांवटा और शिलाई को आने-जाने वाले वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलने के बाद कंपनी की मशीन मौके पर पहुंची और एक घंटे के बाद सड़क को बहाल किया। एसडीएम कफोटा ओपी ठाकुर ने बताया कि सुबह 8:30 बजे सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दी गई। उधर, लोक निर्माण विभाग के संगड़ाह मंडल की 7, नाहन की 6, शिलाई व राजगढ़ की 2-2 और सराहां मंडल की तीन सड़कें भी भूस्खलन के चलते बंद रहीं। पच्छाद क्षेत्र की कई सड़कों पर फिसलन होने के चलते यहां बसों की आवाजाही ठप रही। वीरवार को मौसम साफ रहने के चलते लोक निर्माण विभाग सड़कों की बहाली में जुटा रहा।
नाहन विकास खंड के ढाक वाला गांव में मखदूम अली के रिहायशी मकान को खतरा पैदा हो गया है। बारिश और भूस्खलन से मकान के आगे का ढंगा ढह गया है। बरामदे में दरारें पड़ गई हैं। ऐसे में परिवार दहशत के साये में है। वहीं जलशक्ति विभाग की नौहराधार मंडल की 15 और राजगढ़ की 5 पेयजल और सिंचाई योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।