हरिपुरधार-कुपवी सड़क पर पुलिया धंसने से लगा जाम व एकत्रित लोग।
- फोटो : NAHAN
हरिपुरधार (सिरमौर)। पंचभैया खड्ड के समीप सड़क धंसने के कारण सीमेंट से लदा एक ट्रक रास्ते में फंस गया। ट्रक के फंसने से हरिपुरधार-कुपवी सड़क पर छह घंटे तक यातायात ठप रहा। सड़क बंद होने के कारण सात बसों के अलावा 100 से अधिक वाहन और 200 से अधिक यात्री कई घंटे जाम में फंसे रहे। वहीं, कांडा बनाह से शिमला जा रहे एक मरीज को सड़क बंद होने के कारण वहीं से लौटना पड़ा लेकिन मरीज की हालत खराब होने से परिजनों को उसे सेंज खड्ड-नेरवा के रास्ते से शिमला ले जाना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को लोक निर्माण विभाग के एक ठेकेदार ने पंचभैया खड्ड के समीप सड़क के बीचों बीच एक पुलिया दबाई गई थी। सुबह करीब छह बजे जब सीमेंट से लदा एक ट्रक उस पुलिया पर से गुजरा तो उसके पिछले टायर बीच सड़क में धंस गए और ट्रक बीच सड़क में फंस गया। सड़क बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई।
इस दौरान वहां फंसे लोगों ने लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों को सड़क खोलने के लिए फोन करने शुरू किए, मगर गहरी नींद में सोए विभाग के कर्मचारी 10 बजे तक भी मौके पर नहीं पहुंचे। विभाग की कार्यप्रणाली से खफा यात्रियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उसके बाद ही विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे तक ही यातायात बहाल हो सका।
.................