प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतका के पिता आंखों के सामने बेटी का शव देखकर बिलख उठे। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने प्रारंभिक जानकारी में युवती को कॉलेज की छात्रा बताया लेकिन बाद में पता चला कि युवती सुकेती रोड पर स्थित एक उद्योग में कार्यरत थी। सूचना ये भी मिली है कि जिस जगह हादसा हुआ उस जगह विपरीत दिशा में एक अन्य ट्राला खड़ा था, जिसको हादसे की वजह बताया जा रहा है। बहरहाल, हादसे की सूचना कालाअंब पुलिस थाना को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, जहां मृतका का पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है।