नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की जमा दो कक्षा की वार्षिक परीक्षा के परिणाम इस वर्ष सरकारी स्कूलों के लिए उत्साहजनक रहे। सिरमौर जिले में बेटियां का दबदबा रहा। टॉप टेन में जगह पाने वाले सिरमौर के आठ विद्यार्थियों में बेटियां आगे रहीं। जमा दो की परीक्षा में दो ही छात्र मेरिट लिस्ट में अपना नाम दर्ज करवा सके। जबकि, छह बेटियां हिमाचल की मेरिट लिस्ट में सिरमौर से ही हैं। वाणिज्य संकाय में पहला स्थान हासिल करने वाली मेघा ने सिरमौर को पूरे राज्य में सिरमौर बनाने की उपलब्धि अपने नाम की।
जमा दो कक्षा के वार्षिक परिणामों को देखें तो मोटी फीस अदा करने के बावजूद भी निजी स्कूलों के विद्यार्थियों का प्रदर्शन खास नहीं रहा। मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वालों में सिरमौर जिले में आठ में से छह विद्यार्थी सरकारी स्कूलों से संबंधित हैं। जबकि, निजी स्कूलों के दो विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। हालांकि, निजी स्कूलों में कला संकाय न के बराबर है। फिर भी यदि कामर्स और विज्ञान संकाय को लें तो यहां भी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने ही बेहतरीन प्रदर्शन किया। कामर्स के तीन विद्यार्थियों में से सिर्फ एक विद्यार्थी निजी स्कूल से हैं। वहीं, विज्ञान संकाय में सरकारी स्कूल फिसड्डी साबित हुए। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन की छात्रा मेघा ने वाणिज्य संकाय में पहला स्थान हासिल किया। करिअर अकादमी की सलोनी जोशी और सराहां सीसे स्कूल की निकिता शर्मा तीसरे स्थान पर रही। कला संकाय में सिरमौर के चार विद्यार्थियों ने टॉप टेन में जगह बनाई है। खास यह है कि चारों विद्यार्थी सरकारी स्कूलों से संबंधित हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) नाहन के सुशांत चौहान दूसरे स्थान पर रहे। जबकि, नारग की आंचल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। नाहन गर्ल्स स्कूल की निकिता और नैनीधार सीसे स्कूल के कपिल शर्मा ने आठवां स्थान अर्जित किया।