गड्ढों और टूट-फूट से जूझ रहे थे राहगीर व उद्योगपति
लोक निर्माण विभाग ने शुरू किया सुधार कार्य
उद्यमियों ने राहतकारी कदम बताते हुए जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब को त्रिलोकपुर से जोड़ने वाली संपर्क सड़क पर सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। हाल ही में हुई भारी बरसात से यह सड़क कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे राहगीरों और औद्योगिक इकाइयों से जुड़े उद्यमियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
हालांकि बरसात में यातायात पूरी तरह बाधित तो नहीं हुआ। गड्ढों और टूट-फूट वाली सड़कों से लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा। मौसम खुलते ही लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत शुरू कर दी है। विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक जनवेजा ने बताया कि सड़क का सुधारीकरण तेजी से शुरू कर दिया गया है। स्थानीय लोगों और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों ने इस कार्य के लिए विभाग का आभार जताया है।
लघु उद्योग भारती (फार्मा विंग) के अध्यक्ष संजय सिंगला, नितिन अग्रवाल, रमेश गोयल, मनोज गर्ग, सुरेन्द्र जैन, मनीष सैनी, पवन सैनी, विक्रम, दीपक धीमान, डॉ. अजय वर्मा और रमन भारद्वाज ने त्रिलोकपुर सड़क के मरम्मत कार्य को राहतकारी कदम बताया।